सूरजपुर ।छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जिसने पारिवारिक रिश्तों की मर्यादा को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक युवक ने अपनी ही प्रेमिका मामी की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
शादीशुदा महिला और भांजे के बीच अवैध संबंध
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका पिंकी सोलंकी की शादी करीब 9 साल पहले भैसामुंडा निवासी शिवदास से हुई थी। शुरुआती वर्षों में दांपत्य जीवन सामान्य रहा। रोजगार की तलाश में शिवदास अपनी पत्नी पिंकी को लेकर अंबिकापुर आ गया, जहां पिंकी ने एक बेटी को जन्म दिया।
इसी दौरान शिवदास का भांजा हेमंत भी काम की तलाश में अंबिकापुर आया और उसी घर में रहने लगा। शिवदास की अनुपस्थिति में पिंकी और हेमंत के बीच नजदीकियां बढ़ती गईं और दोनों के बीच अवैध संबंध बन गए। बाद में पिंकी अपने पति से अलग होकर हेमंत के साथ रहने लगी और इस रिश्ते से एक बच्चा भी हुआ।
सोशल मीडिया बना विवाद की वजह
बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में पिंकी की सोशल मीडिया गतिविधियों को लेकर हेमंत को शक होने लगा था। इस बात को लेकर दोनों के बीच कई बार विवाद हुआ। पुलिस के अनुसार, शक और गुस्से के चलते हेमंत ने पिंकी की हत्या की साजिश रच ली।
जन्मदिन पर रची गई हत्या की साजिश
पुलिस के मुताबिक, 29 जनवरी को आरोपी हेमंत के जन्मदिन के दिन उसने पिंकी को पहले एक होटल ले जाकर शराब पिलाई। इसके बाद वह उसे पिलखा पहाड़ स्थित पिकनिक स्पॉट मोरभंज ले गया। जंगल के भीतर ले जाकर आरोपी ने अपने पास रखे चाकू से पिंकी पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी और फरार हो गया।
पुलिस जांच में जुटी, आरोपी की तलाश जारी
घटना के बाद जयनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और रिश्तों पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।








