Buy Advt. Space

तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन की टक्कर से युवक की मौत

By

जांजगीर-चांपा (छत्तीसगढ़): रविवार सुबह जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। ग्राम नरियरा नगर पंचायत में एक कैप्सूल वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अतुल साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कैप्सूल वाहन तेज रफ्तार में आकर अनियंत्रित हो गया और बाइक को सीधी टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। सूचना मिलते ही मुलमुला थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की।

हादसे की खबर फैलते ही ग्रामीणों ने आक्रोशित होकर जांजगीर-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। उन्होंने प्रशासन पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण न रखने की लापरवाही का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर आए दिन भारी वाहन तेज रफ्तार से दौड़ते हैं, जिससे दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।

फिलहाल पुलिस ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रही है ताकि जाम समाप्त कर यातायात बहाल किया जा सके। वहीं अज्ञात वाहन चालक की तलाश के लिए पुलिस ने टीम गठित कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Comment