ब्यूरो चीफ: रवि गहने। खैरागढ़-छुईखदान जालबांधा। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के जालबांधा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मड़ौदा में कपड़ा बेचने के बहाने पहुंचे तीन संदिग्ध युवकों को ग्रामीणों की सतर्कता से पकड़ लिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस चौकी जालबांधा की टीम मौके पर पहुंची और तीनों को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, आज सुबह करीब 11 बजे तीन लोग गांव में घर-घर जाकर कपड़े बेचने के बहाने घूम रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक घर के पास छोटे बच्चे को चॉकलेट देने के बहाने बुलाया और उसे दीवार की ओर खींचने की कोशिश की। बच्चे की बड़ी बहन ने यह देखकर शोर मचाया और “चोर-चोर” चिल्लाने लगी।
आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तीनों युवकों से पूछताछ की। ग्रामीणों को संदेह होने पर तुरंत इसकी सूचना पुलिस चौकी जालबांधा को दी गई। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ ग्राम मड़ौदा पहुंचे और तीनों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस जांच में पता चला कि तीनों आरोपी पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं। आरोपियों की पहचान सर्फराज अंजोर (36 वर्ष), मोहम्मद हुसैन शेख (36 वर्ष) और मोहम्मद सर्फराज (38 वर्ष) निवासी ग्राम आसनसोल, थाना नार्थ पीएस, जिला वर्धमान (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है।
घटना के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने लोगों से अपील की है कि गांव में किसी भी बाहरी व्यक्ति के आने पर सतर्क रहें, बिना जानकारी के किसी को किराए पर कमरा न दें और छोटे बच्चों को अकेला न छोड़ें।
Crime News;कपड़ा बेचने के बहाने गांव पहुंचे तीन संदिग्ध गिरफ्तार








