ब्यूरो नूतन साहू गरियाबंद । पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल 47.958 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जप्त सामानों की कुल अनुमानित कीमत ₹10,47,480 बताई गई है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जिले में अवैध नशीले पदार्थ, वन्यजीव व अन्य तस्करी पर रोक हेतु थाना प्रभारियों को विशेष सतर्कता के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में थाना छुरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि तवेरा वाहन (CG 07 M 4128) से दो लोग ओडिशा से गांजा लेकर आ रहे हैं। पुलिस ने पीपराही मोड़ के पास घेराबंदी कर राजू रजक और दिलीप साहू को हिरासत में लिया। तलाशी में वाहन से 29.408 किलो गांजा, मोबाइल, नकदी व वाहन सहित ₹5,49,480 का माल जब्त किया गया। आरोपियों ने ओडिशा से गांजा खरीदकर दुर्ग में सप्लाई करने की बात स्वीकार की।
दूसरी कार्रवाई में थाना फिंगेश्वर पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान कार (CG 04 B 0831) से छम्मन साहू और किशन निषाद को पकड़ा। उनके कब्जे से 18.550 किलो गांजा, मोबाइल और वाहन मिलाकर ₹4,98,000 का माल जप्त किया गया। आरोपी ओडिशा से गांजा दुर्ग ले जा रहे थे।
दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ NDPS Act की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा सप्लाई नेटवर्क की तलाश जारी है।
गरियाबंद पुलिस ने 47.958 किलो गांजा सहित 4 तस्कर पकड़े








