Buy Advt. Space

गरियाबंद में पत्रकार महासंघ ने सुरक्षा कानून लागू करने की मांग की

By

पत्रकार महासंघ छत्तीसगढ़ ने गरियाबंद में कलेक्टर और एएसपी को सौंपा ज्ञापन
पत्रकार सुरक्षा अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन और पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा की उठाई मांग

गरियाबंद पत्रकार महासंघ छत्तीसगढ़ द्वारा पूरे राज्य में चलाए जा रहे पत्रकार सुरक्षा एवं अधिकार जागरूकता अभियान के तहत गरियाबंद जिले में आज कलेक्टर भगवान दास उईके और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र चंद्राकर को प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और गृहमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष परमेश्वर यादव ने बताया कि यह मुहिम संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार यादव के निर्देशानुसार पूरे प्रदेश में एक साथ चलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों पर हो रहे हमले, उत्पीड़न और बिना जांच एफआईआर दर्ज करने की घटनाएं लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की स्वतंत्रता पर गंभीर चोट हैं।

ज्ञापन में पत्रकार महासंघ ने पत्रकार सुरक्षा अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन और पत्रकारों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग करते हुए 10 सूत्रीय सुझाव प्रस्तुत किए। इनमें प्रमुख रूप से — पत्रकार पर एफआईआर दर्ज करने से पहले स्वतंत्र जांच की व्यवस्था, प्रत्येक जिले में पत्रकार सुरक्षा निगरानी समिति का गठन, पत्रकारों पर हमलों की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई, “पत्रकार संरक्षण कोष” की स्थापना और महिला पत्रकारों की सुरक्षा के लिए अलग प्रकोष्ठ की मांग शामिल है।

इस दौरान प्रदेश कोषाध्यक्ष कुलेश्वर सिन्हा, प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रकाश कुमार यादव, उपाध्यक्ष शिव भीलेपरिया, जिला महासचिव ईमरान मेमन, जिला उपाध्यक्ष खिलेश्वर गोस्वामी, सचिव नेहरू साहू और अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार यादव ने बताया कि यह अभियान द जर्नलिस्ट एसोसिएशन के संयुक्त नेतृत्व में राष्ट्रीय स्तर पर भी चलाया जा रहा है ताकि पत्रकारों की सुरक्षा और गरिमा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Comment