
पितेश्वर हरपाल गरियाबंद जिले के छुरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंडरीपानी गोड़ से बड़ा हादसा सामने आया है, जहां धान मिंजाई कर लौट रहे ग्रामीणों की थ्रेसर मशीन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो ग्रामीणों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंडरीपानी गोड़ निवासी बिगेन्द्र सोरी की थ्रेसर मशीन से कैलाश नेताम और कार्तिक मांझी 9 नवंबर की सुबह धान मिंजाई करने चमरा राम नेताम के घर गए थे। काम खत्म कर लौटते समय मांझापारा मोड़ के पास चालक लोकेश सोरी वाहन से नियंत्रण खो बैठा और थ्रेसर मशीन पलट गई।
दो ग्रामीणों की मौके पर मौत
थ्रेसर के पलटते ही उसमें सवार
कैलाश नेताम पिता जबल राम (21 वर्ष)
कार्तिक मांझी पिता ओभीराम (45 वर्ष)
मशीन के नीचे दब गए। दोनों के सिर, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
नाबालिग गंभीर, बड़े अस्पताल रेफर
हादसे में नाबालिग भवानी शंकर को पेट और कमर में गंभीर चोटें आईं। उसे इलाज के लिए छुरा के निजी अस्पताल में भर्ती किया गया, जहाँ हालत गंभीर होने पर नवापारा अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
चालक के नशे में होने की आशंका
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के दौरान चालक नशे में था। ग्रामीणों का कहना है कि चालक की लापरवाही ने दो परिवारों के चिराग बुझा दिए, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है।
परिजनों ने मांगी कड़ी कार्रवाई और मुआवजा
मृतकों के परिजनों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और आर्थिक सहायता की मांग की है।
इधर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासनिक अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया है।








