Buy Advt. Space

गरियाबंद पुलिस ने पकड़ा अंतरराज्यीय चोरी गिरोह, 27 लाख का माल बरामद

By

पितेश्वर हरपाल गरियाबंद। पुलिस ने अंतरराज्यीय चोरी के एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह का मुख्य सरगना दीप ऊर्फ ध्रुवा मिश्री फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 96 मोबाइल फोन, सोना-चांदी के आभूषण, मूर्तियां, नकदी और दो वाहन सहित कुल ₹27,42,520 का माल बरामद किया है।



थाना अमलीपदर क्षेत्र के ग्राम रेहगांव में 14 अक्टूबर की रात चोरी की बड़ी वारदात हुई थी, जिसमें 73 मोबाइल फोन सहित अन्य सामान चोरी हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उप पुलिस अधीक्षक विकास पाटले के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान संदिग्ध सूरज वारिक (21 वर्ष) निवासी बरिगुड़ा, जिला नवरंगपुर (उड़ीसा) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में सूरज ने अपने साथियों भुनेश्वर वारिक, हिंगाराम नेताम, भुनेश नेताम, देवसिंह राजू और प्रीति मिश्री के साथ चोरी की वारदात में शामिल होने की बात कबूल की। पुलिस ने उनके पास से 96 मोबाइल फोन (₹12,10,400), सोने के आभूषण (₹5,16,000), चांदी व मूर्तियां (₹3,29,120), नकदी ₹57,000, मारुति ब्रेजा कार (₹6,00,000) और हीरो पैशन प्रो बाइक (₹30,000) बरामद की।

पुलिस के अनुसार गिरोह उड़ीसा और छत्तीसगढ़ के कई जिलों में सक्रिय था और चोरी किए गए सामान को रायपुर में बेचने की फिराक में था। फिलहाल सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। फरार आरोपी दीप मिश्री की तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यह कार्रवाई जिले की बड़ी उपलब्धि है और आरोपियों द्वारा चोरी की संपत्ति से अर्जित संपत्ति की कुर्की की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

Leave a Comment