ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । जिले के फरसगांव क्षेत्र में प्रशासनिक सक्रियता देखने को मिली, जब कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना और पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहित विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निर्माण कार्यों की प्रगति पर जोर
कलेक्टर ने शासकीय महाविद्यालय परिसर में निर्माणाधीन ग्रंथालय भवन का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित एजेंसियों को कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश देते हुए गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा।
पोषण पुनर्वास केंद्र का किया निरीक्षण
इसके बाद कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण किया। यहां भर्ती बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देशित किया कि बच्चों एवं उनकी माताओं को पर्याप्त पोषणयुक्त आहार उपलब्ध कराया जाए।
जन्म-मृत्यु पंजीयन व्यवस्था का अवलोकन
निरीक्षण के दौरान जन्म-मृत्यु पंजीयन कार्यालय का भी अवलोकन किया गया। कलेक्टर ने रिकॉर्ड संधारण और सेवा व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
पासंगी पुल निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
कलेक्टर ने निर्माणाधीन पासंगी पुल का भी निरीक्षण किया और संबंधित एजेंसी को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारी रहे उपस्थित
इस दौरान एसडीएम श्री अश्वन कुमार पुसाम, तहसीलदार श्री जय नाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








