Buy Advt. Space

किसानों ने कोदोबत्तर में धान केंद्र खोलने की मांग, आंदोलन की चेतावनी

By

पितेश्वर हरपाल गरियाबंद।  क्षेत्र के अन्नदाता किसानों ने शासन-प्रशासन से कोदोबत्तर समिति में शीघ्र धान उपार्जन केंद्र शुरू करने की मांग की है। किसानों ने संयुक्त रूप से ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं की गई, तो वे 12 नवंबर को बड़े आंदोलन और राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-130सी पर चक्काजाम के लिए बाध्य होंगे।

किसानों ने बताया कि वर्षों से सोहागपुर समिति के अंतर्गत आने वाले 14 गांवों के किसानों को धान विक्रय में भारी असुविधा होती है। सोहागपुर उपार्जन केंद्र में जगह की कमी और अत्यधिक दूरी के कारण खरीदी कई बार रोकनी पड़ती है। प्रतिवर्ष लगभग 95 हजार क्विंटल से अधिक धान की खरीदी यहां होती है, लेकिन सीमित स्थान के चलते किसानों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ता है।

ज्ञापन में किसानों ने उल्लेख किया कि शासन के आदेशानुसार कोदोबत्तर समिति का गठन पहले ही किया जा चुका है, किंतु अब तक कार्यालय और उपार्जन केंद्र का संचालन प्रारंभ नहीं हुआ है। किसानों ने प्रशासन से कई बार मौखिक और लिखित आग्रह किए, पर कार्रवाई नहीं हुई।

किसानों ने चेतावनी दी कि यदि इस खरीदी सीजन से पहले केंद्र प्रारंभ नहीं किया गया, तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि शासन को किसानों की समस्याओं का गंभीरता से समाधान करना चाहिए ताकि धान विक्रय प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सके।

Leave a Comment