ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव द्वारा रविवार को विकास नगर स्टेडियम में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान में पूर्व सैनिकों के साथ निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवक-युवतियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्टेडियम परिसर में झाड़ू लगाकर साफ-सफाई की।
मुख्य नगरपालिका अधिकारी के मार्गदर्शन में चला अभियान
स्वच्छता अभियान मुख्य नगरपालिका अधिकारी दिनेश डे के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। परिषद के सदस्यों और प्रशिक्षार्थियों ने मिलकर स्टेडियम परिसर की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। परिषद द्वारा प्रत्येक रविवार को शहर के विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाता है।
युवाओं को स्वच्छ भारत अभियान की दी जानकारी
इस अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा कोंडागांव के जिला अध्यक्ष नागेश देवांगन ने सैन्य प्रशिक्षण ले रहे युवक-युवतियों को पौष्टिक आहार वितरित किया। उन्होंने युवाओं को स्वच्छ भारत अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान भारत सरकार द्वारा 2 अक्टूबर 2014 को शुरू किया गया था, जिसका उद्देश्य देश की गलियों, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा रखना है।
स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं झाड़ू उठाकर स्वच्छता अभियान की शुरुआत कर इसे पूरे देश में जन-आंदोलन का रूप दिया। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं भी स्वच्छता बनाए रखें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
लगे स्वच्छता के नारे
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने “स्वच्छ भारत – सुंदर भारत” और “स्वच्छ कोंडागांव – सुंदर कोंडागांव” जैसे नारे लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव के संरक्षक एवं बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा, जिला अध्यक्ष सूरज यादव, कोषाध्यक्ष सोमेश्वर भारती, पूर्व सैनिक श्रीकांत तिवारी, ढालेश साहू सहित निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवक-युवतियां उपस्थित रहे।








