Buy Advt. Space

विजयवाड़ा में पूर्व सैनिक सेवा परिषद की 51वीं राष्ट्रीय मैनेजमेंट कमिटी बैठक संपन्न

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। विजयवाड़ा (आंध्र प्रदेश), 8 मार्च। आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा स्थित हिल पैराडाइज स्कूल में 7 और 8 मार्च 2026 को अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद की 51वीं राष्ट्रीय मैनेजमेंट कमिटी बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी ने की। इस दो दिवसीय बैठक में देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों ने भाग लिया।

छत्तीसगढ़ से सुब्रत साहा और सूरज यादव ने किया प्रतिनिधित्व

राष्ट्रीय मैनेजमेंट कमिटी बैठक में छत्तीसगढ़ प्रदेश का प्रतिनिधित्व अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद छत्तीसगढ़ के प्रदेश संगठन सचिव एवं बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा तथा परिषद कोंडागांव के जिला अध्यक्ष सूरज यादव ने किया। उन्होंने प्रदेश में परिषद द्वारा किए जा रहे विभिन्न कार्यों और गतिविधियों की जानकारी साझा की।

भारत माता के पूजन और दीप प्रज्वलन से हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के छायाचित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात सभी प्रतिनिधियों ने मिलकर वृक्षारोपण भी किया, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

राज्यों के प्रतिनिधियों ने रखे अपने-अपने विचार

बैठक के दौरान विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों ने अपने-अपने प्रदेशों में चल रहे क्रियाकलापों और कार्यक्रमों की जानकारी दी। इसी क्रम में प्रदेश संगठन सचिव सुब्रत साहा ने छत्तीसगढ़ में परिषद द्वारा किए जा रहे कार्यों और योजनाओं का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।

पूर्व सैनिक राष्ट्र की अनुशासित और समर्पित शक्ति – राष्ट्रीय अध्यक्ष

बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी ने कहा कि पूर्व सैनिक देश की सबसे अनुशासित और समर्पित शक्ति हैं, जिन्होंने अपने जीवन का सर्वोत्तम समय राष्ट्र की सेवा में समर्पित किया है। उन्होंने समाज और राष्ट्र निर्माण में पूर्व सैनिकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

पूर्व सैनिकों से जुड़े मुद्दों पर हुई चर्चा

बैठक में पूर्व सैनिकों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों जैसे पेंशन, स्वास्थ्य सेवाएं, पुनर्वास, रोजगार, सामाजिक सम्मान और उनके परिवारों की सुरक्षा पर विस्तार से चर्चा की गई। इन विषयों पर ठोस कदम उठाने और योजनाओं को मजबूत बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया।

देशभक्ति और सामाजिक समरसता पर दिया जोर

अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के संपर्क अधिकारी प्रदीप जोशी ने अपने संबोधन में कहा कि हमें भारत के प्रत्येक नागरिक के दिल में देशभक्ति की भावना को जागृत करना होगा। उन्होंने कुटुंब प्रबोधन, नागरिक कर्तव्य, सामाजिक समरसता, स्वदेशी आचरण और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए।

कई वरिष्ठ पदाधिकारी रहे उपस्थित

इस राष्ट्रीय मैनेजमेंट कमिटी बैठक में परिषद के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एयर वाइस मार्शल एच.पी. सिंह, राष्ट्रीय सचिव ब्रिगेडियर डी.एस. त्रिपाठी, राष्ट्रीय सचिव पी.के. पांडा, आंध्र प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल रामबाबू सहित विभिन्न राज्यों के प्रदेश पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Comment