दुर्ग। नगर पालिक निगम दुर्ग के विद्युत कर्मशाला एवं यांत्रिकी विभागीय समिति की बैठक गुरुवार को प्रभारी ज्ञानेश्वर ताम्रकार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में निगम क्षेत्र अंतर्गत प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ एवं व्यवस्थित करने को लेकर विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान वार्ड क्रमांक 07, 15, 32, 57 एवं 58 के साथ-साथ हरनाबांधा चौक एवं श्रीराम चौक में कुल 11 सोलर हाईमास्ट लाइट लगाए जाने का प्रस्ताव रखा गया। इसके साथ ही निगम क्षेत्र में पूर्व से स्थापित बंद पड़े हाईमास्ट लाइटों के त्वरित सुधार के निर्देश भी दिए गए, ताकि रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था बेहतर बनाई जा सके।
समिति में यह भी निर्णय लिया गया कि निगम क्षेत्र के सात वार्डों में स्ट्रीट लाइट खंभों पर क्रमांक अंकित किए जाएंगे। इससे भविष्य में संधारण एवं मरम्मत कार्यों में आसानी होगी और शिकायतों के त्वरित निराकरण में सहायता मिलेगी।
बैठक में नए प्रकाश कार्यों के लिए संबंधित अभियंताओं को विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। समिति सदस्यों ने प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक चर्चा करते हुए आवश्यक कार्यवाही शीघ्र सुनिश्चित करने पर सहमति व्यक्त की।
बैठक में समिति सदस्य प्रकाश गीते, जितेंद्र ताम्रकार, युवराज कुंजाम, श्रीमती रंजीता पाटिल, श्रीमती मनीषा सोनी, श्रीमती रेशमा सोनकर, जीतू महोबिया, श्रीमती प्रतिभा सुरेश गुप्ता उपस्थित रहे। वहीं सहायक अभियंता सुरेश केवलानी, उपअभियंता मोहित मरकाम, कर्मशाला अधीक्षक शोयब अहमद सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी भी बैठक में मौजूद रहे।
दुर्ग निगम की विद्युत समिति बैठक में सोलर हाईमास्ट व लाइट सुधार निर्णय








