
पितेश्वर हरपाल गरियाबंद। जिले से बड़ी खबर सामने आई है। देवभोग पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में दो अंतर्राज्यीय वन्यजीव तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 9 किलो का जीवित पैंगोलिन और 6 किलो से अधिक उसकी छाल बरामद की है। साथ ही देवभोग ठीरलीगुडा के एक स्थानीय तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, पकड़े गए दो मुख्य आरोपी ओडिशा के कालाहांडी जिले के कलमपुर ब्लॉक के रहने वाले हैं। ये आरोपी छत्तीसगढ़ में पैंगोलिन की तस्करी कर उसे ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में थे। तस्कर इस अवैध कारोबार के जरिए रातों-रात लखपति बनने की योजना बना रहे थे।
देवभोग पुलिस को मजबूत सूचना तंत्र से तस्करी की गतिविधियों की जानकारी मिली, जिसके बाद साइबर सेल की मदद से जाल बिछाया गया और तीनों आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है और आरोपियों को जेल भेज दिया है।
जप्त किए गए जीवित पैंगोलिन को सुरक्षित रूप से रायपुर के जंगल सफारी में छोड़ा गया है। यह कार्रवाई जिले में वन्यजीव संरक्षण के प्रति पुलिस की बड़ी सफलता मानी जा रही है।








