Buy Advt. Space

सीवी रमन यूनिवर्सिटी का छात्र लापता, ऑनलाइन गेमिंग और बेटिंग कनेक्शन की जांच

By

बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र से सीवी रमन यूनिवर्सिटी का एक छात्र रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया है। छात्र की पहचान रोहित कुमार के रूप में हुई है, जो बिहार के गया जिले का रहने वाला बताया जा रहा है और यूनिवर्सिटी के छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहा था।

जानकारी के अनुसार रोहित कुमार 6 मार्च की शाम करीब 4 बजे से हॉस्टल से गायब है। परिजनों की सूचना के बाद 7 मार्च को कोटा थाना में गुमशुदगी का मामला दर्ज किया गया।

पुलिस जांच के दौरान छात्र के कमरे से बिना सिम वाला मोबाइल फोन और ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े कुछ नोट्स बरामद हुए हैं। नोटबुक में करीब 40 लाख 77 हजार 400 रुपये के लेन-देन का हिसाब दर्ज मिला है, जिससे मामले को लेकर संदेह और गहरा गया है।

पुलिस के मुताबिक रोहित के मोबाइल से उसकी मां को कहीं जाने का एक मैसेज भेजा गया था, लेकिन वह मैसेज डिलीवर नहीं हो सका। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि छात्र ऑनलाइन गेमिंग और बेटिंग में सक्रिय था।

बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन रोहित ने अपने दोस्तों से कैश में पैसे मांगे थे और कहा था कि वह उन्हें तुरंत UPI के जरिए लौटा देगा। बैंक डिटेल की जांच में अब तक करीब 7 लाख रुपये के ट्रांजेक्शन सामने आए हैं। इसके अलावा कई लोगों और अलग-अलग ऐप के माध्यम से पैसों के लेन-देन की जानकारी भी मिली है।

पुलिस ने छात्र के दोस्तों और सहपाठियों से पूछताछ कर बयान दर्ज किए हैं। साथ ही यूनिवर्सिटी गेट, नाका चौक, यूको बैंक एटीएम और पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। डॉग स्क्वाड की मदद से हॉस्टल से कोटा रेलवे स्टेशन तक सर्चिंग अभियान भी चलाया गया है।

पुलिस ने यूनिवर्सिटी प्रबंधन को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। वहीं परिजनों ने भी बताया है कि रोहित को पहले से बेटिंग में पैसे लगाने और हारने की जानकारी उन्हें थी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए छात्र की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Comment