मुंगेली। मुंगेली विकासखण्ड के बरदुली स्थित प्राथमिक शाला भवन में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। कक्षा में पढ़ाई चल रही थी, तभी अचानक छत का प्लास्टर टूटकर गिर पड़ा। इस हादसे में तीसरी कक्षा की छात्रा हिमांचुका दिवाकर के सिर में गंभीर चोट लगी, जबकि उसकी सहपाठी हंसिका दिवाकर भी घायल हो गई।

हादसे के बाद दोनों छात्राओं को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
यह घटना जिले के स्कूल शिक्षा विभाग के मरम्मत और देखरेख के दावों की पोल खोलती है। बरसात के मौसम में जर्जर भवनों की स्थिति कितनी खतरनाक हो सकती है, इसका यह ताज़ा उदाहरण है।
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि भवन की तत्काल मरम्मत कराई जाए और बच्चों की सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।








