Buy Advt. Space

बेटी की शादी का कार्ड बांटकर लौट रहे पिता की सड़क हादसे में मौत

By

बिलासपुर। जिले के Sipat थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। बुजुर्ग अपनी बेटी की शादी का निमंत्रण कार्ड बांटकर घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार बाइक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सोठी डी पारा निवासी घासीराम राज (70) अपने परिचित किशन उर्फ रामू ठाकुर और कार्तिक राम मरावी के साथ मोटरसाइकिल से आसपास के गांवों में बेटी श्यामा राज की शादी का निमंत्रण कार्ड बांटने गए थे। श्यामा की शादी 30 मार्च को तय थी और इसी सिलसिले में तीनों निमंत्रण देने निकले थे।

बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे तीनों कार्ड बांटकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम ऊनी तिराहा सोसायटी के पास मेन रोड पर सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल घासीराम राज को Primary Health Centre Sipat लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य दो घायलों को बेहतर इलाज के लिए बलौदा अस्पताल रेफर किया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुआ है।

इस दुखद घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। जिस घर में कुछ ही दिनों बाद बेटी की शादी की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अब पिता की मौत से मातम छा गया है।

Leave a Comment