Buy Advt. Space

शादी का झांसा देकर लॉ स्टूडेंट से दुष्कर्म, दो बार गर्भपात; आरोपी गिरफ्तार

By

बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में लॉ की पढ़ाई कर रही एक छात्रा के साथ यौन शोषण और धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपी युवक ने शादी का झांसा देकर छात्रा के साथ कई बार दुष्कर्म किया और दो बार जबरन उसका गर्भपात भी करा दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 22 वर्षीय पीड़िता अनुसूचित जाति वर्ग से है और सरकंडा इलाके में किराए के मकान में रहकर लॉ की पढ़ाई कर रही है। वर्ष 2023 में कॉलेज के दौरान उसकी पहचान सैदा निवासी गौरव दुबे (21) से हुई थी। गौरव मंगला स्थित दीनदयाल आवासीय कॉलोनी में रहता है और प्राइवेट नौकरी करता है। दोनों के बीच दोस्ती हुई और बाद में आरोपी ने शादी का वादा कर छात्रा से संबंध बनाए।

पीड़िता का आरोप है कि शादी का भरोसा दिलाकर गौरव लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा। इस दौरान छात्रा दो बार गर्भवती भी हुई, लेकिन आरोपी ने उसे दवाइयां देकर जबरन गर्भपात करा दिया। जब पीड़िता ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने साफ इनकार कर दिया।

इसके बाद पीड़िता ने 7 मार्च को सरकंडा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया और 8 मार्च को दबिश देकर आरोपी गौरव दुबे को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार पीड़िता अनुसूचित जाति वर्ग से होने के कारण आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं के साथ-साथ एट्रोसिटी एक्ट (SC/ST Act) के तहत भी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र के छात्र संगठनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है और आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की जा रही है।

Leave a Comment