बालोद। छत्तीसगढ़ के Balod जिले के डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक 59 वर्षीय मकान मालिक पर अपनी 22 वर्षीय किराएदार युवती के साथ दुष्कर्म करने और गर्भवती होने के बाद उसे दवा देकर उसकी और गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत का कारण बनने का आरोप लगा है।
मिली जानकारी के अनुसार आरोपी सुनील घरडे (59) पर आरोप है कि उसने आर्थिक रूप से कमजोर युवती का फायदा उठाकर उसके साथ दुष्कर्म किया, जिससे वह गर्भवती हो गई। बताया जा रहा है कि घटना को छिपाने के लिए आरोपी इंटरनेट पर गर्भपात से जुड़े वीडियो भी खोजता रहा।
परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार गर्भ के अंतिम चरण में युवती को प्रसव पीड़ा हुई, जिसके बाद आरोपी ने उसे दर्द निवारक दवा दे दी। दवा लेने के कुछ ही समय बाद युवती की तबीयत बिगड़ गई और मां व गर्भ में पल रहे बच्चे दोनों की मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बुजुर्ग मकान मालिक पर दुष्कर्म का आरोप, गर्भवती किराएदार युवती और बच्चे की मौत; यूट्यूब हिस्ट्री से खुलासा








