बालोद। छत्तीसगढ़ के Balod जिले के बालोद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नेवारीकला में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। पतंग उड़ाते समय छत से गिरने से 8 वर्षीय मासूम हर्ष कुमार साहू की मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, हर्ष अपने दोस्त वासुदेव सोनकर के दो मंजिला मकान की छत पर सोमवार सुबह करीब 10 से 10:30 बजे के बीच पतंग उड़ा रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह अचानक छत से नीचे गिर गया।
घटना के समय छत पर अन्य बच्चे भी मौजूद थे। एक बच्ची ने उसे गिरते हुए देखा, जिसके बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल हर्ष को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम छा गया। ग्रामीण भी इस घटना से स्तब्ध हैं।
यह हादसा एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की जरूरत को दर्शाता है, खासकर छत पर खेलते समय निगरानी बेहद जरूरी है।
पतंग उड़ाते समय छत से गिरा 8 वर्षीय मासूम, दर्दनाक मौत








