Buy Advt. Space

एटीएम उखाड़कर चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार

By

दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एटीएम मशीन उखाड़कर चोरी करने की कोशिश करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा किया है। थाना नंदिनी नगर क्षेत्र में हुई इस वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो उत्तरप्रदेश से आकर सुनियोजित तरीके से एटीएम को निशाना बनाते थे।

रात में एटीएम उखाड़ने की कोशिश

पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर 2025 की देर रात ननकट्ठी बस स्टैंड के पास स्थित एटीएम को आरोपियों ने निशाना बनाया। उन्होंने मेटाडोर वाहन और रस्सियों की मदद से एटीएम मशीन को उखाड़ने का प्रयास किया, लेकिन आसपास लोगों की हलचल बढ़ने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।

रेकी कर बनाते थे टारगेट

जांच में सामने आया कि आरोपी पहले सुनसान और हाईवे किनारे स्थित एटीएम की रेकी करते थे। वारदात के दौरान मोबाइल बंद रखते, इंटरनेट कॉलिंग का उपयोग करते और सीसीटीवी कैमरों को पेंट या ग्रीस से निष्क्रिय कर देते थे ताकि पहचान न हो सके।

अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा

तकनीकी साक्ष्यों और अन्य राज्यों की पुलिस से समन्वय के बाद आरोपी आरीफ उर्फ बाठू (मेरठ) और अहसान उर्फ एहसास (शामली) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। इनके खिलाफ पहले से विभिन्न राज्यों में आपराधिक मामले दर्ज हैं।

वाहन और उपकरण जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की मेटाडोर वाहन, रस्सियां और एटीएम तोड़ने में इस्तेमाल किए गए उपकरण जब्त किए हैं। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि एटीएम या सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। संगठित अपराध में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment