Buy Advt. Space

अटल डिजिटल केंद्रों से 2.78 लाख ट्रांजेक्शन, 84 करोड़ का लेनदेन

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं को सुलभ बनाने के उद्देश्य से स्थापित अटल डिजिटल केंद्र अब ग्रामीणों के लिए बड़ी सुविधा साबित हो रहे हैं। इन केंद्रों के माध्यम से ग्रामीणों को बैंकिंग और शासकीय सेवाएं उनके गांव में ही उपलब्ध हो रही हैं, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत हो रही है।

गांव में ही मिल रही बैंकिंग और जरूरी सेवाएं

अटल डिजिटल केंद्रों के जरिए ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाएं, बिजली बिल भुगतान, डीटीएच रिचार्ज, महतारी वंदन योजना की राशि आहरण, श्रम कार्ड से जुड़ी सेवाएं, डिजी-पे के माध्यम से शासकीय योजनाओं की राशि प्राप्त करना, वाहन एवं स्वास्थ्य बीमा जैसी सुविधाएं आसानी से मिल रही हैं।

डिजिटल सेवाओं से बढ़ा भरोसा और पारदर्शिता

इन केंद्रों के संचालन से ग्रामीण अब सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं। गांवों में ही सुविधाएं मिलने से शहर जाने की आवश्यकता कम हो गई है, जिससे लोगों की सुविधा और संतुष्टि में वृद्धि हुई है।

जिले में 2.78 लाख से अधिक ट्रांजेक्शन

कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना और जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई ने बताया कि जिले की 260 ग्राम पंचायतों में वीएलई के साथ एमओयू कर सेवाओं का विस्तार किया गया है। अटल डिजिटल केंद्रों के माध्यम से अब तक 2,78,083 ट्रांजेक्शन किए जा चुके हैं, जिनके जरिए 84 करोड़ 23 लाख 23 हजार 76 रुपये का लेनदेन हुआ है।

राज्य में प्रथम स्थान पर कोंडागांव

कोण्डागांव जिले ने प्रति वीएलई प्रति माह 136 ट्रांजेक्शन और 4,10,889 रुपये के औसत के साथ राज्य में प्रथम स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं के प्रति बढ़ते विश्वास को दर्शाती है।

सेवाओं के विस्तार पर प्रशासन का जोर

जिला प्रशासन द्वारा अटल डिजिटल केंद्रों की व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीणों तक इन सेवाओं का लाभ पहुंचाया जा सके।

Leave a Comment