कोण्डागांव ! कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा बैठक लेकर शासकीय योजनाओं और निर्माण कार्यों के प्रगति की समीक्षा की। बैठक में हर घर तिरंगा अभियान और रजत जयंती के तहत विभिन्न गतिविधियों के आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने शिक्षा विभाग के कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति एवं आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा और सभी बीईओ को सख्त निर्देश दिया कि जर्जर भवन में शालाएं न लगें। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना एवं जल जीवन मिशन जैसे शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं के क्रियान्वयन में प्रगति लाने हेतु विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया।कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के स्वीकृत कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा कराने के लिए आवश्यक प्रयास करने पर जोर दिया।
उन्होंने पीएम आवास योजना के तहत स्वीकृत कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए साप्ताहिक प्रगति की जनपदवार जानकारी ली। इस दौरान समय पर जियो टैग करने और एमआर जारी करने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही सभी एसडीएम और जनपद सीईओ को हितग्राहियों की बैठक लेकर अप्रारंभ कार्य को शीघ्र शुरू कराने को कहा गया। उन्होंने जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में आवास निर्माण में आ रही दिक्कतों को दूर करने दूसरे विभागों के साथ समन्वय से कार्य करने को कहा। साथ ही आवास सर्वे हेतु शेष कार्य को भी पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए जिले के आश्रम-छात्रावासों के साथ दूरस्थ अंचलों में मलेरिया से बचाव एवं रोकथाम हेतु आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिए और कहा कि सभी मितानिन लगातार मलेरिया की जांच करते रहें। उन्होंने जल जीवन मिशन अंतर्गत जिले के गांव-गांव में शुद्ध पेयजल पहुंचाने के कार्यों में भी तेजी लाने के लिए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए और हर घर जल प्रमाणीकरण के कार्यों में तेजी लाने हेतु निर्देशित किया।
उन्होंने एनएच के अधिकारियों को कोण्डागांव शहर के मुख्यमार्ग में रिटेनिंग वाल निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने और केशकाल बायपास निर्माण हेतु सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में इसके अलावा खाद्य विभाग से समितियों में मिलान कार्य, नशा मुक्त भारत अभियान, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत पंजीयन कार्य, महतारी सदन एवं अटल डिजिटल केन्द्र के भवनों के निर्माण कार्य सहित जिले में सब स्टेशन निर्माण कार्य के प्रगति की समीक्षा की। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








