Buy Advt. Space

पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 20वीं किस्त हुआ जारी वेबकास्ट के माध्यम से जुड़े जिले के किसान

By

कोण्डागांव से बन्नूराम यादव की रिपोर्ट

कोंडागांव ! प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 20वीं किस्त का सीधा प्रसारण शुक्रवार को कृषि विज्ञान केंद्र बोरगांव में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन कृषि विभाग व कृषि विज्ञान केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इस अवसर पर जिले के किसानों के साथ जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी और कृषि वैज्ञानिक उपस्थित रहे। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने उत्तरप्रदेश के वाराणसी से इस किस्त को राष्ट्रव्यापी रूप से जारी किया। उन्होंने 9.80 करोड़ किसानों के खातों में 2 हजार की राशि के रूप में कुल 22 करोड़ से अधिक की राशि ट्रांसफर की।

प्रधानमंत्री ने किसानों को “अन्नदाता” की संज्ञा देते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में गरीब, किसान, युवा और महिला चार प्रमुख स्तंभ हैं और इन्हें प्राथमिकता देना सरकार की प्रतिबद्धता है। बोरगांव में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री प्रवीर बदेशा ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की महत्ता को रेखांकित करते हुए किसानों को जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने जिले के लाभार्थी किसानों को शुभकामनाएं दीं।

श्री तरुण साना ने फसल विविधिकरण पर बल देते हुए जिले में तिलहन फसलों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। वहीं वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉ. सुरेश कुमार मरकाम ने प्राकृतिक एवं जैविक खेती की उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में उपसंचालक कृषि श्री डी. पी. टांडे ने विभागीय योजनाओं की जानकारी साझा करते हुए किसानों को पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर नवाचार अपनाने के लिए प्रेरित किया।

वैज्ञानिक डॉ. हितेश कुमार मिश्रा ने गौ आधारित कीटनाशकों, रोगनाशकों और घनजीवामृत निर्माण विधियों पर जानकारी दिया। वहीं डॉ. प्रिया सिन्हा ने जैविक खेती में आधुनिक कृषि यंत्रों की भूमिका को रेखांकित किया।इस अवसर पर जनपद पंचायत फरसगांव के अध्यक्ष श्री मानकुराम, पूर्वी बोरगांव की सरपंच श्रीमती चंद्रकला, श्रीमती सोमादास, श्री धनराज पांडे, श्री प्रवीण राव, श्री प्रवीण पांडे, श्री मुन्नालाल नेताम समेत अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही।

Leave a Comment