कोण्डागांव से बन्नूराम यादव की रिपोर्ट
नारियल विकास बोर्ड एवं गारमेंट फैक्ट्री का किया भ्रमण
कोंडागांव ! महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कोंडागांव जिले के एक दिवसीय प्रवास के दौरान जिले के विभिन्न स्थानों का भ्रमण किया। उन्होंने शबरी एंपोरियम पहुंचकर बेलमेटल की विभिन्न कलाकृतियों का अवलोकन किया। उन्होंने शिल्पकारों के कलाकृतियों की सराहना की। इसके पश्चात प्रसिद्ध शिल्पकार डॉ. जयदेव बघेल के घर पहुंचकर बेलमेटल बनाने की प्रक्रिया से रूबरू हुए। कोण्डागांव के कोपाबेड़ा में स्थित राज्य के प्रमुख नारियल विकास बोर्ड पहुंचकर नारियल के उत्पादन को देखा।
नारियल विकास बोर्ड के अधिकारी द्वारा बताया गया कि नारियल के साथ-साथ यहां कॉफ़ी और काली मिर्च के पौधे भी लगाए गए हैं। इसके पश्चात उन्होंने कोंडानार गारमेंट फैक्ट्री का भी अवलोकन कर वहां महिलाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों को देखा और उत्पादन के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने कार्यरत महिलाओं से चर्चाकर कार्य के बारे में जानकारी प्राप्त की। संस्था अधिकारी के मंत्री को बताया कि यह फैक्ट्री विगत तीन साल से संचालित है और इसके माध्यम से शहर के 300 महिलाओं को रोजगार मिल रहा है। मंत्री ने गारमेंट फैक्ट्री की सराहना करते हुए इसी तरह और महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के प्रयास करने की बात कही।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग के संचालक श्री पीएस एल्मा, अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चार्ली ठाकुर, एसडीएम श्री अजय उरांव सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।








