Buy Advt. Space

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु दिए गए निर्देशकलेक्टर एवं एसपी ने यातायात नियमों के कड़ाई से पालन पर दिया जोर 

By

कोण्डागांव से बन्नूराम यादव की रिपोर्ट

कोंडागांव !  कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री वाय. अक्षय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए यातायात नियमों के सख्ती से पालन पर विशेष बल दिया गया। कलेक्टर ने सड़क किनारे खड़े वाहनों पर कार्यवाही करने, सड़कों पर मक्का या अन्य फसलें सुखाने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने तथा ओवरस्पीडिंग और ओवरलोडिंग पर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षमता से अधिक सवारी वाले वाहनों, बिना वैध दस्तावेजों के चलने वाले चालकों तथा नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध नियमित जांच कर कार्यवाही करें। पुलिस अधीक्षक श्री कुमार ने बताया कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं में अधिकतर मौतें तेज गति से वाहन चलाने और हेलमेट नहीं पहनने के कारण हो रही हैं। उन्होंने आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता पर बल दिया।बैठक में जिले में चिन्हांकित ब्लैक स्पॉट्स में सुधार, दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों की पहचान एवं उन पर सुधारात्मक कार्यवाही, सड़क सुरक्षा हेतु किए गए उपायों की समीक्षा तथा दुर्घटनाओं की मॉनिटरिंग के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए।

इसके अलावा प्रमुख मार्गों पर गति सीमा का पालन सुनिश्चित करने, शराब एवं मादक द्रव्यों के सेवन कर वाहन चलाने की रोकथाम, बिना लाइसेंस, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट एवं नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने जैसी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु भी आवश्यक निर्देश दिए गए। सड़क मार्गों पर आवारा मवेशियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए पशुपालकों पर जुर्माना वसुलने, राष्ट्रीय राजमार्गों और अन्य प्रमुख मार्गों पर प्राथमिक उपचार की समुचित व्यवस्था पर भी चर्चा की गई। साथ ही दुर्घटना की स्थिति में त्वरित सहायता प्रदान करने वाले नागरिकों को राहवीर योजना के तहत प्रोत्साहन राशि प्रदान करने के निर्देश दिए। सभी शासकीय अधिकारी कर्मचारी को यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने हेतु निर्देशित किया गया। नियमों का पालन नहीं करने पर चलानी कार्यवाही हेतु यातायात विभाग को निर्देशित किया गया।बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई, एडीएम श्री चित्रकांत चार्ली ठाकुर, एसडीएम श्री अजय उरांव, जिला परिवहन अधिकारी श्री अतुल असैया सहित यातायात, पुलिस, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, स्वास्थ्य विभाग तथा नगर पालिका के अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Comment