ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव। सार्वजनिक स्थान पर धारदार तलवार लहराकर आम नागरिकों को डराने-धमकाने वाले दो आरोपियों को कोण्डागांव पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से लोहे की दो धारदार तलवारें बरामद कर जप्त की हैं। आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अलग-अलग अपराध दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव पंकज चन्द्रा (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस रूपेश सिंह के मार्गदर्शन में जिले में अवैध हथियार रखने और सार्वजनिक स्थानों पर उनका प्रदर्शन कर लोगों में भय उत्पन्न करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 2 नवंबर 2026 को थाना कोण्डागांव पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बम्हनी हाई स्कूल के पास दो व्यक्ति लोहे की धारदार तलवार लहराकर आम लोगों को डरा-धमका रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के निर्देशन में उप निरीक्षक राजकुमार कोमरा, प्रधान आरक्षक अशोक कुमार मरकाम और आरक्षक बेदराम चंदेल की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
घेराबंदी कर पकड़े गए दोनों आरोपी
पुलिस टीम ने गवाहों की उपस्थिति में घेराबंदी कर दोनों संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान शिवा शील (22 वर्ष), पिता धनंजय शील, निवासी तहसीलपारा कोण्डागांव तथा गुलशन बघेल (24 वर्ष), पिता सैमसंग बघेल, निवासी भेलवापदर पारा कोण्डागांव के रूप में हुई।
पुलिस ने नियमानुसार तलाशी एवं पंचनामा की कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों के कब्जे से एक-एक लोहे की धारदार तलवार, कुल दो तलवारें बरामद कर जप्त कीं।
आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग अपराध दर्ज
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के विरुद्ध थाना कोण्डागांव में अपराध क्रमांक 351/2026 एवं 352/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 में पृथक-पृथक अपराध पंजीबद्ध किया गया। दोनों आरोपियों को 2 नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। उनके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी भी सामने आई है। गिरफ्तारी की सूचना परिजनों को देने के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक राजकुमार कोमरा, प्रधान आरक्षक अशोक कुमार मरकाम, आरक्षक बेदराम चंदेल सहित साइबर सेल के प्रधान आरक्षक अजय बघेल, प्रशांत जुर्री तथा आरक्षक संतोष कोड़ोपी, चंदन शोरी और बिरजू सोरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कोण्डागांव पुलिस ने नागरिकों से की अपील
कोण्डागांव पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध हथियार लेकर घूमने, हथियारों का प्रदर्शन करने अथवा किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस को दें। पुलिस ने कहा है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।








