Buy Advt. Space

सुशासन तिहार में पंचायतों में चावल, रोजगार और आवास दिवस आयोजित

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले की ग्राम पंचायतों में 07 मई 2026 को सुशासन तिहार के अंतर्गत वृहद जन-अभियान चलाया गया। इस दौरान ग्राम पंचायतों में ‘चावल महोत्सव’, ‘रोजगार दिवस’ और ‘आवास दिवस’ का आयोजन कर ग्रामीण विकास योजनाओं को गति देने और आम जनता की समस्याओं के शत-प्रतिशत निराकरण पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की योजनाओं में पारदर्शिता लाना, ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देना तथा आवास एवं रोजगार से जुड़े लंबित मामलों का पंचायत से लेकर जिला स्तर तक निराकरण सुनिश्चित करना रहा।

आवास दिवस में आवास निर्माण पर दिया गया जोर

आवास दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण सहित अन्य आवासीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विशेष कार्ययोजना तैयार की गई। अधिकारियों ने समय-सीमा में आवास निर्माण पूरा कराने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही महिलाओं को आजीविका गतिविधियों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने और रेन वाटर हार्वेस्टिंग के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने पर भी विशेष बल दिया गया।

रोजगार दिवस में मनरेगा कार्यों की समीक्षा

रोजगार दिवस के दौरान मनरेगा अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा की गई। प्रगतिरत कार्यों को 15 जून तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। ग्रामीणों की मांग के अनुसार नए कार्यों की स्वीकृति पर भी चर्चा हुई।

जल संरक्षण एवं संवर्धन गतिविधियों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने की बात कही गई। “मोर गांव – मोर पानी” अभियान के तहत जनभागीदारी से जल संरक्षण को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।

आजीविका संवर्धन और महिलाओं को पहचान

प्रशासन द्वारा आजीविका डबरी निर्माण के माध्यम से बहुआयामी आजीविका योजनाओं को बढ़ावा देने की दिशा में कार्ययोजना तैयार की गई, जिससे ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि हो सके।

स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को सम्मान और पहचान दिलाने के लिए नागरिक सूचना पटल पर उनके नाम प्रमुखता से अंकित करने की जानकारी भी दी गई।

योजनाओं में पारदर्शिता के लिए क्यूआर कोड की पहल

मनरेगा एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से क्यूआर कोड आधारित सूचना प्रणाली शुरू की गई है। अमृत सरोवरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर लगाए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर ग्रामीण योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

जिला प्रशासन ने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने और विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।

Leave a Comment