Buy Advt. Space

केशकाल पुलिस ने 115 किलो गांजा संग दो तस्कर पकड़े

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । केशकाल, अंतरराज्यीय अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत केशकाल पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से भारी मात्रा में गांजा और एक कार जब्त की है।

मुखबिर सूचना पर पुलिस की सक्रियता

पुलिस अधीक्षक श्री आकाश श्रीश्रीमल के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चंद्रा और एसडीओपी केशकाल श्री अरुण कुमार नेताम के मार्गदर्शन में जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा था।
इसी दौरान 20 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली कि एक महिंद्रा XUV 500 कार में अवैध गांजा उड़ीसा से रायपुर ले जाया जा रहा है।

घेराबंदी कर वाहन को रोका गया

सूचना के आधार पर थाना केशकाल के सामने एमसीपी लगाकर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वाहन नहीं रुकने पर पेट्रोलिंग वाहन और बैरिकेडिंग की मदद से उसे रोका गया।

115 किलो से अधिक गांजा बरामद

कार की तलाशी लेने पर डिक्की में 53 पैकेटों में पैक कुल 115.214 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत 11,52,140 रुपये आंकी गई है।
साथ ही महिंद्रा XUV 500 कार (कीमत लगभग 18 लाख रुपये) भी जब्त की गई। कुल जब्ती की कीमत लगभग 29,52,140 रुपये बताई गई है।

राजस्थान के दो आरोपी गिरफ्तार

वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों ने अपना नाम सूरज सिंह राठौड़ और पंकज पुरी गोस्वामी निवासी जिला भीलवाड़ा (राजस्थान) बताया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विकास बघेल सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Comment