Buy Advt. Space

जोबा पंचायत में असम प्रतिनिधिमंडल ने मेसन प्रशिक्षण व पीएम आवास कार्यों का निरीक्षण

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । विकासखंड कोंडागांव अंतर्गत ग्राम पंचायत जोबा में रविवार को असम राज्य के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल दौरे पर पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने प्रोजेक्ट उन्नति 2.0 के अंतर्गत RSETI जगदलपुर द्वारा संचालित मेसन (राज मिस्त्री) प्रशिक्षण कार्यक्रम का अवलोकन किया तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत निर्माणाधीन आवासों का स्थल निरीक्षण किया।

प्रशिक्षण प्रक्रिया एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा

निरीक्षण के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मेसन प्रशिक्षण की प्रक्रिया, गुणवत्तायुक्त निर्माण कार्यों की प्रगति तथा तकनीकी पहलुओं के जमीनी स्तर पर हो रहे क्रियान्वयन की विस्तार से समीक्षा की। अधिकारियों ने प्रशिक्षण ले रहे हितग्राहियों से संवाद कर उनके अनुभवों की जानकारी भी प्राप्त की।

अनुकरणीय मॉडल बताया गया प्रशिक्षण कार्यक्रम

असम के अधिकारियों ने प्रशिक्षण एवं प्रधानमंत्री आवास निर्माण कार्यों की सराहना करते हुए इसे अपने राज्य के लिए भी अनुकरणीय मॉडल बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में कौशल विकास एवं रोजगार सृजन के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रहे हैं।

असम एवं राज्य स्तरीय अधिकारी रहे उपस्थित

असम से आए प्रतिनिधिमंडल में—

  • श्री ध्रुब ज्योति नाथ (ज्वाइंट कमिश्नर)
  • श्री रंजीत दास (एसपीई)
  • श्री निलोत्पल मिश्रा (एसपीई)

शामिल रहे। वहीं राज्य स्तर से—

  • श्री राजेंद्र पाण्डेय (उपायुक्त, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण)
  • श्री सोमकांत साहू (सहायक अभियंता, मनरेगा)

भी उपस्थित रहे।

“मोर सुआद” कैन्टीन में की प्रशासनिक संवाद बैठक

प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन की पहल से प्रारंभ किए गए “मोर सुआद” कैन्टीन में विधायक श्री नीलकंठ टेकाम, कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई से मुलाकात की। इस दौरान ग्राम पंचायत जोबा में संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रम से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

हितग्राहियों से संवाद, सुझाव भी दिए

इस अवसर पर अधिकारियों ने हितग्राहियों से सीधा संवाद कर प्रशिक्षण एवं आवास निर्माण से जुड़े उनके अनुभव जाने तथा भविष्य में बेहतर क्रियान्वयन हेतु आवश्यक सुझाव भी प्रदान किए।

Leave a Comment