Buy Advt. Space

ग्राम भोंगापाल में जल अर्पण दिवस, जल जीवन मिशन जागरूकता कार्यक्रम संपन्न

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । जल जीवन मिशन के अंतर्गत 31 जनवरी को ग्राम भोंगापाल में जल अर्पण दिवस का आयोजन उत्साह और व्यापक जनभागीदारी के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

विधायक नीलकंठ टेकाम रहे मुख्य अतिथि

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम रहे, जबकि जनपद सदस्य एवं ग्राम सरपंच श्री राम साय नाग ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर विधायक द्वारा ग्राम में घरेलू नल जल कनेक्शनों का निरीक्षण भी किया गया।

जल संरक्षण और सतत संचालन पर दिया गया जोर

अतिथियों ने अपने संबोधन में जल संरक्षण, जल स्रोतों की सुरक्षा तथा नल जल योजना के सतत संचालन पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि शुद्ध पेयजल प्रत्येक नागरिक का अधिकार है, लेकिन इसके संरक्षण की जिम्मेदारी हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

जल अर्पण दिवस से बढ़ती है जन जागरूकता

वक्ताओं ने कहा कि जल अर्पण दिवस जैसे कार्यक्रमों से ग्रामीणों में जल के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ती है और जल जीवन मिशन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलती है। ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि घर-घर नल से जल मिलने से दैनिक जीवन में काफी सुविधा हुई है।

ग्रामीणों ने लिया जल संरक्षण का संकल्प

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणजनों द्वारा जल संरक्षण का संकल्प लिया गया तथा जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया गया। इस अवसर पर जल बहिनियों को एफटीके किट भी प्रदान की गई।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाया उत्साह

कार्यक्रम में बच्चों द्वारा स्वागत गीत एवं नृत्य प्रस्तुत किए गए, जिसने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया और कार्यक्रम को उत्साहपूर्ण बना दिया।

अधिकारी एवं कर्मचारी रहे उपस्थित

कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री वीरेंद्र पांडे, सहायक अभियंता श्री आर. पी. जोशी, उप अभियंता कुमारी निभा कोर्राम, प्रोजेक्ट समन्वयक श्री महादेव यदु, मिथिलेश साहू, श्यामलाल कोर्राम सहित विभागीय कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave a Comment