ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में कोंडागांव जिला लगातार नई उपलब्धियाँ हासिल कर रहा है। प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी और सुव्यवस्थित क्रियान्वयन के चलते जिले में 500 घरों में रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापना का लक्ष्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। इस उपलब्धि के साथ कोंडागांव जिला राज्य में अग्रणी जिलों की श्रेणी में शामिल हो गया है।
ग्रिड सिंक्रोनाइजेशन में भी उल्लेखनीय प्रगति
योजना के अंतर्गत स्थापित सोलर संयंत्रों में से 426 सौर संयंत्रों का विद्युत ग्रिड से सफलतापूर्वक सिंक्रोनाइजेशन किया जा चुका है। शेष संयंत्रों को ग्रिड से जोड़ने की प्रक्रिया भी सतत रूप से जारी है। इसके परिणामस्वरूप बड़ी संख्या में उपभोक्ता प्रत्यक्ष रूप से सौर ऊर्जा का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
कलेक्टर के मार्गदर्शन में सशक्त क्रियान्वयन
यह सफलता कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना के सशक्त मार्गदर्शन, सतत निगरानी और प्रशासनिक समन्वय का परिणाम है। उनके निर्देशानुसार योजना की नियमित समीक्षा की गई, विभागीय समन्वय को सुदृढ़ किया गया तथा जनजागरूकता शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक नागरिकों को योजना से जोड़ा गया।
सरल, पारदर्शी और सुगम प्रक्रियाएँ
जिला प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया गया कि पात्र नागरिकों तक योजना का लाभ समयबद्ध रूप से पहुँचे। सब्सिडी, तकनीकी सहायता और प्रक्रियाओं को सरल व पारदर्शी बनाकर आमजन के लिए योजना को अधिक सुलभ किया गया, जिससे हितग्राहियों की सहभागिता बढ़ी।
हरित ऊर्जा की दिशा में आदर्श जिला
विद्युत विभाग की तकनीकी दक्षता और नागरिकों की सक्रिय सहभागिता से कोंडागांव हरित ऊर्जा की दिशा में अग्रसर एक आदर्श जिला बनकर उभरा है। सौर ऊर्जा के उपयोग से जहाँ उपभोक्ताओं के विद्युत व्यय में उल्लेखनीय कमी आई है, वहीं पर्यावरण संरक्षण और कार्बन उत्सर्जन में कमी जैसे सकारात्मक परिणाम भी सामने आए हैं।
सोलर जिला बनने की ओर निरंतर प्रयास
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस उपलब्धि को और विस्तार देते हुए कोंडागांव को छत्तीसगढ़ का अग्रणी सोलर जिला बनाने की दिशा में प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।








