ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोण्डागांव श्रीमती किरण चतुर्वेदी की अध्यक्षता एवं उपस्थिति में अण्डर ट्रायल रिव्यू कमेटी एवं मॉनिटरिंग सेल की महत्वपूर्ण बैठक प्रधान न्यायाधीश महोदया के विश्राम कक्ष में आयोजित की गई।
प्रशासनिक व न्यायिक अधिकारियों की रही सहभागिता
बैठक में कलेक्टर कोण्डागांव श्रीमती नुपूर राशि पन्ना, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोण्डागांव श्रीमती रेशमा बैरागी पटेल, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सुश्री गायत्री साय तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कौशलेंद्र देव पटेल उपस्थित रहे।
अण्डर ट्रायल रिव्यू कमेटी की बैठक
अण्डर ट्रायल रिव्यू कमेटी की बैठक में अनुशंसित बंदियों की विस्तृत समीक्षा की गई। विशेष रूप से ऐसे मामलों पर विचार किया गया, जिनमें आरोपी लंबे समय से न्यायिक हिरासत में हैं तथा जिनमें जमानत की संभावना है।
इसके अतिरिक्त सजायाफ्ता बंदियों की वर्तमान स्थिति पर भी चर्चा की गई।
मॉनिटरिंग सेल में न्यायिक अधोसंरचना पर चर्चा
मॉनिटरिंग सेल की बैठक में न्यायाधीशों एवं कर्मचारियों को आबंटित आधिपत्य एवं शासकीय आवासों की जर्जर स्थिति, दैनिक उपयोग से संबंधित मरम्मत आवश्यकताओं तथा न्यायिक अधिकारियों के निर्माणाधीन आवास गृह की प्रगति पर चर्चा की गई।
साथ ही न्यायिक कर्मचारी आवास निर्माण हेतु आबंटित भूमि, नवीन जिला न्यायालय भवन निर्माण के लिए आबंटित/अतिक्रमित/विवादित भूमि के शीघ्र परिवर्तन एवं मंडी प्रांगण स्थित रिक्त शासकीय भूमि के तत्काल आबंटन पर विचार किया गया।
पीड़ितों के लिए सुविधाजनक कक्ष निर्माण का प्रस्ताव
बैठक में पीड़िता, बच्चों एवं उनके परिजनों के लिए वातानुकूलित, सुसज्जित एवं बच्चों के अनुकूल कक्ष तथा शौचालय सहित सुविधाएं उपलब्ध कराने के विषय पर भी चर्चा की गई।
रिक्त भूमि का संयुक्त स्थल निरीक्षण
बैठक के पश्चात मंडी प्रांगण में स्थित रिक्त भूमि का जिले के समस्त न्यायिक अधिकारीगण, जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण एवं जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान भूमि की स्थिति, पहुंच मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, आवश्यक अधोसंरचना एवं विधिक पहलुओं का गहन परीक्षण किया गया।
नियमों के अनुरूप न्यायालय स्थापना का आश्वासन
न्यायिक प्रशासन एवं जिला प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया गया कि नवीन जिला एवं सत्र न्यायालय की स्थापना हेतु सभी आवश्यक मानकों एवं नियमों का पूर्णतः पालन किया जाएगा।








