ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । शहीद गुण्डाधुर कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र के ऑडिटोरियम में गुरुवार को आयोजित संभाग स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता 2025-26 में बस्तर संभाग के युवाओं ने संसदीय कार्यप्रणाली का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। तीखी बहस, प्रश्नकाल और विधायी प्रक्रियाओं की सजीव प्रस्तुति ने दर्शकों और निर्णायकों को प्रभावित किया।
कोण्डागांव ने मारी बाजी
कड़े और रोमांचक मुकाबले में कोण्डागांव जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया और संभाग स्तर पर अपनी श्रेष्ठता साबित की।
सुकमा और कांकेर का सराहनीय प्रदर्शन
प्रतियोगिता में सुकमा जिले के युवाओं ने अपनी तार्किक क्षमता और सशक्त तर्कों के दम पर द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि कांकेर जिले ने तृतीय स्थान प्राप्त कर सराहना बटोरी।
सात जिलों के 280 युवाओं ने लिया हिस्सा
इस संभाग स्तरीय आयोजन में बस्तर संभाग के सभी सात जिलों—बस्तर, दंतेवाड़ा, नारायणपुर, सुकमा, बीजापुर, कांकेर एवं कोण्डागांव से 40-40 प्रतिभागियों की टीमों ने भाग लिया। कुल 280 युवाओं ने संसद की कार्यवाही, प्रश्नकाल एवं विधायी प्रक्रिया का मंचन किया।
विशेषज्ञ निर्णायक मंडल ने किया मूल्यांकन
प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन संसदीय भाषा, अनुशासन एवं विषय की समझ के आधार पर किया गया। इसके लिए गठित निर्णायक मंडल में डॉ. सोनाली कर, डॉ. चेतना पद्माक्षी ठाकुर, डॉ. नीता मिश्रा, डॉ. रेशमा कौशल एवं डॉ. विनीता पाण्डेय शामिल रहीं।
युवा संसद से मिला लोकतांत्रिक प्रशिक्षण
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय परंपराओं और विचार-विमर्श की संस्कृति से परिचित होने का अवसर मिला।








