ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । जिले के समग्र विकास को गति देने की दिशा में बुधवार को बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी ने कोंडागांव विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मालगांव में लगभग 15 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया।
सामुदायिक भवन, सीसी सड़क और पुलिया का निर्माण
इस अवसर पर ग्राम पंचायत मालगांव में अलेख महिमा आश्रम के पास सामुदायिक भवन निर्माण कार्य (लागत ₹5.00 लाख) तथा सी.सी. सड़क एवं पुलिया निर्माण कार्य (लागत ₹10.00 लाख) का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया।
इन विकास कार्यों से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, सामाजिक व सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा तथा आवागमन की सुविधा सुदृढ़ होगी।
48 विद्यार्थियों को मिली सरस्वती साइकिल योजना का लाभ
कार्यक्रम के दौरान सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत साइकिल वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें मालगांव के 48 स्कूली विद्यार्थियों को साइकिल प्रदान की गई। इससे विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी और उनकी शिक्षा में निरंतरता एवं सहभागिता बढ़ेगी।
ग्रामीण विकास सरकार की प्राथमिकता: विधायक
इस अवसर पर विधायक सुश्री लता उसेंडी ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण हेतु निरंतर कार्य कर रही है। इन विकास कार्यों से क्षेत्र की जनता को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और उनके जीवन स्तर में सुधार आएगा।
जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण रहे उपस्थित
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता शोरी, जिला पंचायत सदस्य श्री नंदलाल राठौर, श्रीमती अनिता कोर्राम, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री टोमेन्द्र सिंह ठाकुर, श्री जयसिंह शोरी, श्री दीपेश अरोरा (उपाध्यक्ष, तीरंदाजी), श्री जितेन्द्र सुराना, श्री धनजू मरकाम, श्री मोतीलाल पांडे, श्रीमती सावित्री पोयाम (सरपंच), श्री भुनेश्वर दास मानिकपुरी (उपसरपंच), श्री सोनू राम मरकाम (ग्राम पटेल), श्री हरी देवांगन (शक्ति केन्द्र प्रभारी), श्री महेंद्र नेताम सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।








