ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । जिले में बढ़ते नशे के अवैध कारोबार और जुआ-सट्टा गतिविधियों को लेकर शिवसेना ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। शिवसेना की ओर से जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर गांजा, सूखा नशा, जुआ-सट्टा जैसे कृत्यों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई है।
शहर और आसपास के इलाकों में खुलेआम नशे का कारोबार
ज्ञापन में बताया गया है कि शहर के कई मोहल्लों एवं आसपास के क्षेत्रों में धड़ल्ले से गांजा, सूखा नशा और प्रतिबंधित गोलियों का उपयोग एवं बिक्री की जा रही है। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं होने पर सवाल उठाए गए हैं।
नशे की चपेट में आ रहे नाबालिग और स्कूली बच्चे
शिवसेना ने गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि नशे का यह अवैध कारोबार नाबालिग बच्चों तक पहुंच चुका है। यहां तक कि कक्षा 5वीं में पढ़ने वाले छोटे बच्चे भी नशे की लत का शिकार होते पाए जा रहे हैं, जिससे उनके भविष्य पर गहरा संकट मंडरा रहा है।
अपराधों में बढ़ रही बच्चों की संलिप्तता
पत्र में उल्लेख किया गया है कि नशे की लत के चलते बच्चे चोरी, उठाईगीरी, मारपीट और झगड़े जैसी आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो रहे हैं। हाल के दिनों में चोरी और लूट के मामलों में नाबालिगों की संलिप्तता बढ़ती नजर आ रही है।
नशा बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग
शिवसेना ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों को तत्काल संज्ञान में लेकर नशा बेचने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही शहर और आसपास के क्षेत्रों में जुआ-सट्टा संचालित करने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई करने की अपील की गई है।
बच्चों के भविष्य को बचाने की अपील
ज्ञापन में कहा गया है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो बच्चों का भविष्य पूरी तरह बर्बाद हो सकता है। संगठन ने प्रशासन से नशे के खिलाफ अभियान चलाकर दोषियों को चिन्हित कर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।








