कोण्डागांव से बन्नूराम यादव की रिपोर्ट
कोंडागांव ! कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना के निर्देशानुसार तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर. के. चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बयानार में नशामुक्त भारत अभियान एवं तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम एवं लाइफ स्किल कार्यशाला का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का संचालन जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के साइकेट्रिक श्री दिव्यांशु चौधरी एवं प्रभारी सोशल वर्कर श्री वीरेंद्र केला द्वारा किया गया।
यह कार्यक्रम जिला नोडल अधिकारी (राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम) डॉ. आर. के. चन्द्रवंशी, जिला नोडल अधिकारी (राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम) डॉ. सोनल ध्रुव तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. भावना महलवार के नेतृत्व में आयोजित किया गया।इस दौरान विद्यार्थियों को तंबाकू एवं अन्य नशे के सेवन से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। साथ ही, मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर चर्चा करते हुए लाइफ स्किल प्रशिक्षण कार्यशाला के माध्यम से आत्म-नियंत्रण, निर्णय क्षमता, और सकारात्मक सोच विकसित करने के व्यावहारिक तरीके बताए गए। कार्यशाला का उद्देश्य छात्रों में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाना, स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना तथा मानसिक रूप से सशक्त युवा पीढ़ी का निर्माण करना है।








