कोण्डागांव से बन्नूराम यादव की रिपोर्ट
कोंडागांव ! कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने आज साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन और निर्माण कार्यों के प्रगति की समीक्षा की। साथ ही समय-सीमा में लंबित आवेदनों पर कार्यवाही की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवेदनों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने धान खरीदी की तैयारी की भी समीक्षा की और उपार्जन केन्द्रों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए सीमावर्ती इलाकों के चेकपोस्ट में निगरानी एवं जांच हेतु अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने को कहा।
बैठक में ई आफिस प्रणाली के माध्यम से फाईल प्रस्तुत करने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना के स्वीकृत कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के क्रियान्वयन के संबंध में भी विभागीय अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने सुपोषित जीवन अभियान के तहत सुपोषण को लेकर नागरिकों को जागरूक करने के लिए विभिन्न ग्राम पंचायतों में मशाल रैली आयोजित करने को कहा। इस दौरान पीएम विद्या के तहत जिले के स्कूलों में ऑनलाईन पढ़ाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित आवासों में जल संचयन को बढ़ावा देने हेतु वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आज से शुरू हो रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए सभी एसडीएम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।








