Buy Advt. Space

रजत महोत्सव वर्ष के अवसर पर उद्यमिता जागरूकता शिविर का हुआ आयोजन

By

कोण्डागांव से बन्नूराम यादव की रिपोर्ट

कोण्डागांव ! छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में वर्ष 2025-26 को रजत महोत्सव वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसी श्रृंखला में शुक्रवार को कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना की अध्यक्षता में जिला कार्यालय के सभा कक्ष में उद्यमिता जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने जिले में औद्योगिक विकास के छेत्र में हो रहे कार्यों की जानकारी ली और कहा कि महिला समूहों द्वारा बनाए गए उत्पादों के बेहतर मार्केटिंग के लिए अच्छा पैकेजिंग बहुत जरूरी है।

इसलिए हमें पैकेजिंग पर विशेष ध्यान देना है। उन्होंने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना को शासन की महत्वपूर्ण योजना बताते हुए समूह की महिलाओं को सुक्ष्म उद्योग शुरू करने हेतु प्रोत्साहित किया। साथ ही उन्होंने स्थानीय बाजारों को ध्यान में रखते हुए ऐसे उत्पादों को प्राथमिकता देने की बात कही।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले में औद्योगिक विकास की उपलब्धियों से आमजन को अवगत कराना और युवाओं, महिलाओं तथा सभी नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।

जागरूकता शिविर में विभागीय नीतियों, योजनाओं एवं औद्योगिक नीति 2024-30 का प्रचार-प्रसार किया गया। कलेक्टर महोदया ने नगरीय क्षेत्र की महिला स्व-सहायता समूहों को खाद्य प्रसंस्करण इकाइयाँ जैसे वनमरका निर्माण, विप्स निर्माण, कुरकुरे निर्माण, गुड़ निर्माण, मिठाई निर्माण आदि के लिए प्रोत्साहित किया और शिविर में उपस्थित 15 समूहों को आगामी ऋण प्रकरणों में शत प्रतिशत ऋण स्वीकृति का आश्वासन दिया। शिविर में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई ने स्व सहायता समूह के महिलाओं को सफलता के मंत्र बताये।

शिविर में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) के अंतर्गत आचार, बड़ी, पापड़, पनीर, केक इत्यादि के निर्माण के अवसरों पर भी विस्तृत जानकारी दी गई, जिससे समूहों को स्वरोजगार और स्थानीय उत्पादों के प्रसार में सहायता मिल सके।इस अवसर पर पार्षद श्रीमती लक्ष्मी ध्रुव एवं श्रीमती सत्ती बघेल, लाईवलीहुड कॉलेज कोण्डागांव के श्री पुनेश्वर वर्मा, तथा प्रभारी महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, श्रीमती कुसुमलता नेताम की गरिमामय उपस्थिति रही।

Leave a Comment