Buy Advt. Space

कलेक्टर ने ईएमआरएस शामपुर भवन का किया निरीक्षण व्यवस्थाएं सुधारने के दिए निर्देश

By

कोण्डागांव से बन्नूराम यादव की रिपोर्ट

कोंडागांव ! कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने आज कोंडागांव शहर में स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय शामपुर में पहुंचकर गहन निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर ने विद्यालय में साफ सफाई सहित अन्य व्यवस्था में कमी पाए जाने पर नाराजगी जताई और प्राचार्य सहित सभी शिक्षकों को सख्त निर्देशित किया कि सभी कमियों को दूर करते हुए साफ सफाई सहित सभी व्यवस्थाएं 10 दिन के भीतर दुरुस्त करने हेतु निर्देशित किया।

कलेक्टर ने विद्यालय के परीक्षा परिणाम की भी जानकारी ली और अच्छे से पढ़ाई कराने हेतु निर्देशित किया। विद्यालय में आवासीय कक्षों, रसोई कक्ष का निरीक्षण कर साफ सफाई सुनिश्चित करने के साथ पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, दीवाल में मोटिवेशनल सूत्र वाक्यों के साथ आकर्षक पेंटिंग कराने के निर्देश दिए। साथ ही लैब का निरीक्षण किया और उपलब्ध उपकरणों को समुचित उपयोग करने और आवश्यक फर्नीचर की व्यवस्था के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग श्री कृपेंद्र तिवारी उपस्थित थे।

छात्रावास भवनों का किया निरीक्षण

कलेक्टर ने फरसगांव में निर्माणाधीन 50 सीट की कन्या छात्रावास भवन का निरीक्षण किया और शेष कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने हेतु संबंधित ठेकेदार को निर्देशित किया। इसके साथ ही प्री मेट्रिक बालक छात्रावास बहीगांव का निरीक्षण करते हुए बच्चों से चर्चा की और आवासीय सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कम्प्यूटर के सामान्य ज्ञान के साथ एम एस ऑफिस की जानकारी देने के निर्देश दिए। साथ ही कम्प्यूटर कक्ष और स्टडी रूम की व्यवस्था के भी निर्देश दिए।

Leave a Comment