Buy Advt. Space

सांसद महेश कश्यप ने किया सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभखेल से मिलेगी प्रतिभाओं को पहचान, बस्तर बनेगा खेलों का हब : सांसद कश्यप

By

कोण्डागांव से बन्नूराम यादव की रिपोर्ट

कोण्डागांव ! बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप ने मंगलवार को जिला मुख्यालय के कनेरा रोड स्थित ऑडिटोरियम में सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद ने अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि विद्यार्थी जीवन में उन्होंने राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। कबड्डी खेल ने ही उन्हें पहचान दिलाई और मंच पर बोलने का अवसर भी प्रदान किया। इसी दौरान वे संगठन से जुड़े और आज बस्तर क्षेत्र का प्रतिनिधित्व संसद में कर रहे हैं।

सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक दूरदृष्टि के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से महिलाओं को खुले में शौच से मुक्ति दिलाई और उन्हें सम्मानजनक जीवन प्रदान किया। जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 जैसे प्रावधान को समाप्त कर उसे पूर्ण रूप से भारत का हिस्सा बनाया गया।सांसद कश्यप ने कहा कि बस्तर लंबे समय से माओवाद के कारण प्रभावित रहा है। इसके चलते शासन-प्रशासन की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक नहीं पहुंच पाती थीं। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में माओवाद को समाप्त करने और विकास को गांव-गांव तक पहुंचाने का कार्य तेज गति से हो रहा है।उन्होंने बताया कि बस्तर ओलंपिक में 1 लाख 65 हजार प्रतिभागियों ने पंजीयन कराया था और उम्मीद है कि सांसद खेल महोत्सव में इससे भी अधिक लोग जुड़ेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी ने भी एक बैठक में चार बार बस्तर ओलंपिक का उल्लेख करते हुए उसकी सराहना की थी। मलखंब, हॉकी, जूडो, तीरंदाजी जैसे खेलों के जरिए बस्तर के बच्चे क्षेत्र को नई पहचान दिला रहे हैं।सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री कहते हैं खेलोगे तो खिलोगे, इसलिए इस सांसद खेल महोत्सव में ज्यादा से ज्यादा लोग पंजीयन कर खेलों में हिस्सा लें, इसके लिए पंजीयन की प्रक्रिया प्रारम्भ हो चुकी है जो 20 सितम्बर तक चलेगा, उन्होंने https://sansadkhelmahotsav.in/ पर जाकर ज्यादा से ज्यादा लोगों को पंजीयन के लिए अपील की। पंजीयन के बाद खेल महोत्सव का आयोजन तीन चरणों में होगा, पहला चरण 21 सितम्बर से 21 अक्टूबर तक ग्रामीण स्तर पर, और दूसरा चरण 22 अक्टूबर से 22 नवम्बर तक विधानसभा स्तर पर। वहीं तीसरा चरण 23 से 25 दिसम्बर तक लोकसभा स्तर पर जगदलपुर में आयोजित की जायेगी। इसमें पुरुष और महिला तीन आयु वर्ग 18 वर्ष तक, 18 से 40 वर्ष तक तथा 40 वर्ष से अधिक के प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे।सांसद कश्यप ने विद्यार्थियों से कहा कि खेल जीवन को संवारने का अवसर देता है।

जो खेलना जानता है, वह जीना भी जानता है। खेल से न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक और बौद्धिक विकास भी होता है।कार्यक्रम में पूर्व विधायक सेवक राम नेताम ने भी खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि छात्र जीवन में वे भी कबड्डी के खिलाड़ी रहे हैं। खेल से टीम भावना और अनुशासन विकसित होता है तथा बीमारियां भी दूर रहती हैं।इस अवसर पर खेम नेताम, श्रीमती सुमन शुक्ला, सुश्री सोनाबती नेताम, श्रीमती लक्ष्मी ध्रुव, श्रीमती सुषमा खोब्रागड़े, श्रीमती सती बघेल, श्री प्रवीण राय सहित जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी, बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे एवं आमजन उपस्थित रहे।

Leave a Comment