Buy Advt. Space

आधुनिक कृषि तकनीकों से जुड़ने के लिए कृषकों दिया गया प्रशिक्षण

By

कोण्डागांव से बन्नूराम यादव की रिपोर्ट

कोण्डागांव ! उद्यानिकी विभाग के शासकीय उद्यान रोपणी कोपाबेड़ा, विकासखंड कोण्डागांव में समग्र ग्रामीण विकास कार्यक्रम के अंतर्गत एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण सह भ्रमण का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अम्बुजा फाउंडेशन एवं एचडीएफसी बैंक परिवर्तन के माध्यम से संचालित एचआरडीपी परियोजना के तहत आयोजित किया गया।

इस आयोजन में कोण्डागांव के दूरस्थ अंचल ग्राम धनसुली, बम्हनी, ईसलनार, सोनाबाल, पल्ली एवं बनियागांव से 30 आदिवासी कृषकों ने भाग लिया। प्रशिक्षण में किसानों को कृषि वानिकी, आधुनिक खेती की विधियों एवं शासकीय योजनाओं की जानकारी देकर उनकी आय एवं जीवन स्तर में सुधार लाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम के दौरान कृषकों को शासकीय रोपणी का भ्रमण कराते हुए सैद्धांतिक एवं प्रायोगिक जानकारी प्रदान की गई।

रोपणी प्रभारी श्री लोकेश्वर प्रसाद (उद्यान अधीक्षक) द्वारा खेत की तैयारी, पौध रोपण की उचित दूरी, बागवानी फसलों के रखरखाव और कृषि वानिकी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा की गयी। साथ ही विभिन्न शासकीय योजनाओं से कृषकों को जोड़ने पर भी बल दिया गया। प्रशिक्षण के माध्यम से कृषकों को यह समझाया गया कि कैसे वे कृषि वानिकी को अपनाकर प्रति इकाई क्षेत्रफल से अधिक लाभ अर्जित कर सकते हैं। इससे न केवल उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी, बल्कि जीवनशैली में भी सकारात्मक परिवर्तन आएगा।

इस अवसर पर अम्बुजा फाउंडेशन से श्रीमती नेहा कुशवाहा, श्री विकास ठाकुर एवं अधिकारी कर्मचारी सहित कृषक उपस्थित रहे।

Leave a Comment