Buy Advt. Space

हद पार: नशे में धुत महिला प्रधान पाठक टेबल पर सोई, कलेक्टर ने किया सस्पेंड

By



जांजगीर-चांपा। शिक्षा की मर्यादा और विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ का शर्मनाक मामला बलौदा ब्लॉक के लेवई गाँव से सामने आया है। यहाँ शासकीय प्राथमिक विद्यालय की प्रधान पाठक हीरा पोर्ते शराब के नशे में स्कूल पहुँचीं और टेबल पर ही पैर रखकर सो गईं। उनकी इस हरकत से पढ़ाई ठप हो गई और बच्चे समय से पहले ही घर लौट गए।



घटना से नाराज अभिभावकों ने कलेक्टर से शिकायत की। कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम अकलतरा, जिला शिक्षा अधिकारी और विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने स्कूल का निरीक्षण किया। जांच में शिक्षकों, विद्यार्थियों और ग्रामीण जनप्रतिनिधियों ने पुष्टि की कि 19 सितंबर को प्रधान पाठक नशे की हालत में स्कूल में मौजूद थीं।

जांच रिपोर्ट को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने इसे सिविल सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन माना और महिला प्रधान पाठक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

सिर्फ यही नहीं, मॉनिटरिंग में लापरवाही बरतने पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी बलौदा और बीआरसी बलौदा को कारण बताओ नोटिस जारी करने का भी आदेश दिया गया है।

कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को सख्त निर्देश दिए हैं कि ऐसे आदतन शिक्षकों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने साफ कहा
“शिक्षा व्यवस्था की मर्यादा और विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।”

Leave a Comment