कोण्डागांव से बन्नूराम यादव की रिपोर्ट
कोंडागांव ! मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुसार शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से “सुशासन तिहार” का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान के तहत पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ त्वरित रूप से उपलब्ध कराया जा रहा है।
सुशासन तिहार के तीसरे चरण के अंतर्गत जिले में समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जहाँ प्राप्त आवेदनों का निराकरण किया जा रहा है और नवीन आवेदनों पर भी त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है।
इसी क्रम में शनिवार को माकड़ी विकासखंड के ग्राम काटागांव में आयोजित समाधान शिविर के दौरान मत्स्य पालन विभाग द्वारा ग्राम गारे निवासी श्री लीलाराम नेताम को मछली जाल प्रदाय किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि कोंडागांव विधायक एवं बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सुश्री लता उसेण्डी तथा अन्य अतिथियों की उपस्थिति में यह सामग्री प्रदान की गई।
श्री लीलाराम नेताम ने बताया कि वे अपने लगभग एक एकड़ के निजी तालाब में मछली पालन करते हैं और इसी से प्राप्त आय से अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उन्होंने मछली जाल प्राप्त होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे उनके कार्य में सहूलियत होगी और उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। सुशासन तिहार के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं का उनके गांव में ही समाधान हो रहा है, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिल रही है।








