ब्यूरो नूतन साहू गरियाबंद। सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत जिला मुख्यालय गरियाबंद में आयोजित जोन स्तरीय प्रतियोगिता का समापन समारोह आज क्रीड़ा परिसर मैदान में संपन्न हुआ। विजेता प्रतिभागी अब विधानसभा स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रिखी राम यादव एवं उपाध्यक्ष आसिफ मेमन विशेष रूप से उपस्थित थे। अध्यक्ष यादव ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को “नई दिशा और प्रेरणा” देते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेलों में अधिक से अधिक भागीदारी का आह्वान किया।
मेमन ने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं, जो अनुशासन और एकता का संदेश देते हैं।
प्रतियोगिता में सामूहिक विधा के अंतर्गत 14 से 17 वर्ष बालक वर्ग में श्रद्धा पब्लिक स्कूल ने वॉलीबॉल में, जबकि पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय ने कबड्डी और खो-खो में प्रथम स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की टीम ने कबड्डी और खो-खो में बाजी मारी।
व्यक्तिगत विधाओं में बैडमिंटन, 100 मीटर दौड़, 400 मीटर, लंबी कूद, भाला और गोला फेंक जैसी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, स्कूल शिक्षक, खेल अधिकारी और बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।
सांसद खेल महोत्सव जोन प्रतियोगिता संपन्न, विजेता सम्मानित हुए








