वृद्धाश्रम पुलगांव में फल व सामग्री वितरण, 24 माह से निरंतर कर रहीं सेवा कार्य
दुर्ग ! समाजसेवा की सच्ची मिसाल पेश करते हुए समाज सेविका श्रीमती नीलू संजय सिंह ने एक बार फिर वृद्धाश्रम पुलगांव का दौरा कर वहां निवासरत बुजुर्गों के बीच फल एवं खाद्य सामग्री का वितरण किया। यह कोई एक दिन की बात नहीं, बल्कि पिछले 24 महीनों से वे लगातार हर मौसम में इन बुजुर्गों की सेवा में जुटी हैं।
श्रीमती सिंह ने बताया कि वे नियमित रूप से वृद्धाश्रम पहुंचती हैं, बुजुर्गों से मिलती हैं, उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेती हैं और उनकी आवश्यकताओं को जानकर उसी अनुसार सामग्री उपलब्ध कराती हैं। इस बार भी उन्होंने बरसात को ध्यान में रखते हुए विशेष सामग्री का वितरण किया।
श्रीमती नीलू सिंह ने भावुक होकर कहा,
“हमारी हर खुशी, बच्चों के जन्मदिन से लेकर खास अवसरों की शुरुआत इन बुजुर्गों के आशीर्वाद से होती है।”
वृद्धाश्रम के बुजुर्गों ने भी उनके प्रति आभार जताया और कहा कि समाज में ऐसे लोग यदि और हों, तो किसी भी जरूरतमंद को अकेलेपन का एहसास नहीं होगा।
इसके अतिरिक्त, समाज सेविका ने यह भी बताया कि वे आगे जिला अस्पताल सहित अन्य स्थानों पर जाकर असहाय एवं जरूरतमंद लोगों के बीच राहत सामग्री का वितरण करेंगी। उनका उद्देश्य है कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक मदद पहुंचे।
श्रीमती सिंह ने समाज के सभी लोगों से अपील की कि
“बुजुर्गों की सेवा सबसे बड़ा पुण्य है। हमें अपने परिवार के बच्चों को भी यह सिखाना चाहिए कि सेवा ही सच्ची संस्कार है।”
उनकी यह निस्वार्थ सेवा न केवल एक प्रेरणा है, बल्कि समाज के लिए संवेदनशीलता और उत्तरदायित्व का प्रतीक भी है।










