अभनपुर। थाना गोबरा नवापारा क्षेत्र के ग्राम नवागांव (ल) में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। नवा रायपुर की ओर से आ रही तेज़ रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक में सरिया भरा हुआ था और वह वीआईपी रोड किनारे खड़ा था। अंधेरे और तेज रफ्तार के कारण बाइक चालक ट्रक को देख नहीं पाया और सीधा उसके पिछले हिस्से से टकरा गया। हादसे में बाइक चला रहे डेमन साहू और पीछे बैठे जितेंद्र ध्रुव (दोनों की उम्र लगभग 40 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों मृतक ग्राम नवागांव (ल) के ही निवासी बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चीरघर भेजा। दोनों का पोस्टमॉर्टम रविवार सुबह किया जाएगा।
इधर, इस दर्दनाक हादसे के बाद ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क किनारे भारी वाहन खड़े होने से अक्सर दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा।
सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई बाइक, दो दोस्तों की मौत…








