कोण्डागांव से बन्नूराम यादव की रिपोर्ट
कोंडागांव ! कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना की अध्यक्षता में सोमवार को जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति की बैठक जिला कार्यालय के सभाकक्ष में भारतीय स्टेट बैंक के संयोजन में आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने सभी बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासकीय योजनाओं के अंतर्गत ऋण स्वीकृति हेतु लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के साथ त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में बैंकों की सक्रिय सहभागिता अत्यंत आवश्यक है।
बैठक के दौरान राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र द्वारा संचालित आदिवासी स्वरोजगार योजना तथा अंत्यवसायी सहकारी विकास समिति की योजनाओं में ऋण स्वीकृति एवं वितरण की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त मत्स्य, पशुपालन तथा कृषि विभाग के अंतर्गत केसीसी योजनाओं से संबंधित लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण हेतु निर्देश दिए गए। साथ ही सुरक्षा बीमा योजनाओं के अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक लाभ पहुँचाने पर भी जोर दिया गया।
कलेक्टर ने सभी बैंकों को निर्देशित किया कि ऋण स्वीकृति से संबंधित लंबित मामलों के शीघ्र समाधान के लिए विशेष शिविरों का आयोजन किया जाए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई, भारतीय रिजर्व बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के अधिकारीगण, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि एवं अन्य बैंक अधिकारी उपस्थित थे।








