कोण्डागांव से बन्नूराम यादव की रिपोर्ट
महिला समूह को मिला कयाकिंग के लिए सामग्री
कोंडागांव ! मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने कोंडागांव जिले के भोंगापाल गांव में प्राचीन शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात मुख्यमंत्री श्री साय ने मंदिर परिसर में महालक्ष्मी महिला स्वसहायता समूह के सदस्यों को कयाकिंग 05 नग नाव प्रदाय किया और संयुक्त वन प्रबंधन समिति भोंगापाल को तमुर्रा नाला में बम्बू राफ्टिंग के लिए सामग्री का वितरण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने महिला समूह के अध्यक्ष सुनीता नाग सहित अन्य सदस्यों से चर्चा की। महिलाओं ने बताया कि वे गांव के तमुर्रा नाला में कयाकिंग सुविधा संचालित करेंगे, जिससे उन्हें गांव में ही रोजगार मिल सकेगा। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी उपस्थित रहे।
एक पेड़ मां के नाम अभियान अंतर्गत मुख्यमंत्री ने किया वृक्षारोपण
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत प्राचीन शिव मंदिर परिसर भोंगापाल में पीपल के पौधे का रोपण किया। इस अवसर पर केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम, पूर्व विधायक श्री सेवक राम नेताम, कमिश्नर बस्तर श्री डोमन सिंह, आईजी श्री सुंदरराज पी, कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना, एसपी श्री वाय अक्षय कुमार भी उपस्थित थे।








