Buy Advt. Space

मुख्यमंत्री ने दुधारू पशुपालन योजना का किया शुभारंभ

By

कोण्डागांव से बन्नूराम यादव की रिपोर्ट

कोंडागांव ! मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कोंडागांव जिले के भोंगापाल गांव में प्राचीन शिव मंदिर परिसर में राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के तहत डेयरी समग्र विकास अंतर्गत दुधारू पशु प्रदाय योजना का शुभारंभ किया।मुख्यमंत्री ने इस योजना के तहत ग्राम मसौरा निवासी श्रीमती सनिता नेताम और श्रीमती पार्वती नेताम को साहीवाल नस्ल की गाय का वितरण किया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी साथ में रहे।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड की सहायता से दुधारू पशु प्रदाय योजना का क्रियान्वयन छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी दुग्ध महासंघ मर्यादित के माध्यम से पायलट प्रोजेक्ट के तहत 6 जिलों क्रमशः जशपुर, बलरामपुर, कांकेर, कोंडागांव, महासमुंद और सारंगढ़-बिलाईगढ़ के 325 अनुसूचित जनजाति परिवारों के महिला हितग्राहियों को कुल 650 दुधारू पशु प्रदाय किया जाएगा। इस योजना के तहत अनुसूचित क्षेत्रों में डेयरी उद्यमिता को बढ़ावा देने और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ते हुए अनुसूचित जनजाति परिवारों के आर्थिक एवं सामाजिक जीवन स्तर में सुधार होगा। इससे दुग्ध उत्पादन में भी वृद्धि होगी।

इस अवसर पर केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम, पूर्व विधायक श्री सेवक राम नेताम, कमिश्नर बस्तर श्री डोमन सिंह, आईजी श्री सुंदरराज पी, कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना, एसपी श्री वाय अक्षय कुमार, पशु चिकित्सा सेवा के संचालक श्री चंद्रकांत वर्मा भी उपस्थित थे।

Leave a Comment