कोण्डागांव से बन्नूराम यादव की रिपोर्ट
कोण्डागांव ! जिला पंचायत कोण्डागांव के सभाकक्ष में दिनांक 17 जुलाई 2025 को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत आईएफसी क्लस्टर कार्यशाला सह समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का आयोजन जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई के मार्गदर्शन में और श्री विनय सिंह, जिला मिशन प्रबंधक (बिहान) की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
इस कार्यशाला में जिले के सभी जनपदों के विकासखण्ड परियोजना प्रबंधक एवं नव नियुक्त आईएफसी एंकर उपस्थित रहे। बैठक में आईएफसी क्लस्टर की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए संबंधित ग्राम पंचायतों में चल रही आजीविका गतिविधियों की समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि जिले के विभिन्न विकासखण्डों के अंतर्गत कुल 4400 परिवारों को आईएफसी क्लस्टर योजना से जोड़ा जाएगा।
इनमें शामिल बड़ेराजपुर विकासखण्ड के 600 परिवार ग्राम पंचायत परोदा, मैनपुर, चिचाड़ी, कौंदकेरा आदि और केशकाल विकासखण्ड के 900 परिवार जिसमें ग्राम पंचायत बहीगांव, अड़ेगा, सिकागांव और कोण्डागांव विकासखण्ड के 1000 परिवार जिसमें ग्राम पंचायत उमरगांव, दहिकोंगा, बाखरा और माकड़ी विकासखण्ड के 1000 परिवार जिसमें ग्राम पंचायत बेलोंडी, अनतपुर, शामपुर, वहीं फरसगांव विकासखण्ड अंतर्गत जिसमें ग्राम पंचायत लंजोड़ा, सिरपुर, हाटचपई आदि गांव के 900 परिवारों को शामिल किया जाएगा। इन गांवों में सब्जी उत्पादन, मक्का उत्पादन, पोल्ट्री समेत विभिन्न कृषि आधारित आजीविका गतिविधियाँ संचालित की जाएगी।
महिला किसानों को मिलेगा विशेष लाभ
इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिला किसानों की आय में वृद्धि करना है। इसके लिए उड़ान महिला कृषक प्रोड्यूसर कम्पनी चिखलपुटी, मांझीगढ़ महिला कृषक प्रोड्यूसर कम्पनी विश्रामपुरी के सहयोग से खाद, बीज और आवश्यक कृषि सामग्री उचित दरों पर उपलब्ध कराई जाएगी। प्रत्येक क्लस्टर में लाईवलीहुड सर्विस सेंटर की स्थापना कर गांव स्तर पर समन्वित रूप से कार्य करने की रणनीति बनाई गई है। इसके माध्यम से महिला समूहों को लखपति दीदी के रूप में उभरने के लिए विशेष मार्गदर्शन व सहयोग प्रदान किया जाएगा।
कार्यशाला में अधिकारियों ने अगले तीन वर्षों की कार्ययोजना तैयार कर मिशन के अनुसार कार्य करने पर ज़ोर दिया गया। बैठक के अंत में मिशन प्रबंधक द्वारा सभी प्रबंधकों और एंकरों से अपेक्षा जताई गई कि वे समर्पण भाव से ग्रामीण आजीविका को मजबूत करे।








